स्कूल जा रही छात्रा से शोहदे ने की छेड़खानी
पिपरी इलाके की घटना, पीड़िता ने दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली के एक गांव में स्कूल जा रही छात्रा से रास्ते में शोहदे ने छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी भी दी। पीड़िता की मां ने थाने जाकर शोहदे के खिलाफ तहरीर दी है।
पिपरी इलाके के एक व्यक्ति की 14 वर्षीय बेटी पास के विद्यालय में हाईस्कूल की छात्रा है। आरोप है कि पड़ोसी युवक पिछले एक माह से कॉलेज आते-जाते समय छात्रा के साथ छेड़खानी करता है। छात्रा के बताने पर उसकी मां ने कई बार युवक के घर पर शिकायत भी की, लेकिन युवक में कोई सुधार नहीं आया। युवक की हरकतों के कारण उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया। आरोप है कि शनिवार को वह घर से स्कूल के लिए निकली ही थी कि रास्ते में युवक ने रोककर उसका दुप्पटा खींच लिया। विरोध करने पर आरोपी युवक उसे धमकी देने लगा। किसी तरह घर वापस आकर छात्रा ने अपने परिजनों से आपबीती बताई। छात्रा की मां ने थाने पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर बृजेश करबरिया का कहना है कि शिकायत की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।