कोखराज कोतवाली के मझियावां गांव में गांव में सड़क पर डांस करते समय जाम लगने के विवाद में दो पक्षों की बीच जमकर लाठी चली। मारपीट में महिला समेत दोनों पक्ष के सात लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों तरफ से मिली तहरीर के आधार पर 30 लोगों के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है।
मंझनपुर के दीवर कोतारी निवासी नरेश ने अपनी बेटी की शादी मझियावां गांव में मनोज के साथ की थी। शुक्रवार को बेटी को विदा कराने के लिए नरेश तमाम रिश्तेदारों को लेकर गाजे-बाजे के साथ गया था। नरेश का कहना है कि बेटी की ससुराल पहुंचकर वहां रिश्तेदार डीजे की धुन में डांस कर रहे थे।
इस बीच मझियावां गांव का विंदेश्वरी अपनी पत्नी को लेकर वहां से निकला। जाम के कारण बाइक न निकल पाने की वजह से दिक्कत हो रही थी। इस बीच विंदेश्वरी की नरेश पक्ष के लोगों से कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। कुछ देर बाद विंदेश्वरी की ओर से भी कई लोग गए। दोनों पक्ष में जमकर लाठी चली।
मारपीट में नरेश पक्ष से जगदीश, मोनू, नीरज व आकाश और दूसरे पक्ष से विंदेश्वरी, उसकी पत्नी भतीजा संदीप घायल हुए। ग्रामीणों ने समझाकर मामला शांत कराया। दोनों पक्ष ने कोखराज कोतवाली में तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण मौर्य का कहना है कि नरेश की तहरीर पर विंदेश्वरी व सात अज्ञात और विंदेश्वरी की तहरीर पर नरेश की तरफ से मुकेश व मनोज और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।