करारी। स्थानीय कोतवाली के तुर्तीपुर गांव के समीप बुधवार को पट्टी अब्दुल रऊफ गांव के समीप बरातियों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दूल्हा समेत सात बराती घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सरायंअकिल के बुद्धपुरी मोहल्ला निवासी इम्तियाज के बेटे मो. शमीम की बारात बुधवार की दोपहर कार से प्रतापगढ़ के नवाबगंज कोतवाली के परियांवा बाजार रफीक के घर जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे रास्ते में करारी कोतवाली के पट्टी अब्दुल रऊफ़ गांव के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद मची चीखपुकार सुन जुटे लोगों ने आननफानन कार सवारों को बाहर निकाला। दुर्घटना में दूल्हा शमीम अहमद, चालक जहीर खान, खुशबू, सन्नो, सानिया तथा दो अन्य समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।