सरायअकिल के रक्सराई गांव के समीप मार्ग हादसे के बाद जुटी भीड़
- फोटो : KAUSHAMBI
सरायअकिल कोतवाली के रक्सराई गांव के समीप बृहस्पतिवार सुबह लोडर की टक्कर से सेवानिवृत्त लिपिक की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड से शव की शिनाख्त कराई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कौशाम्बी कोतवाली के जोगापुर निवासी ललित प्रसाद त्रिपाठी (65) रायबरेली स्थित चीनी मिल में लिपिक थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वह प्रयागराज के झलवा में मकान बनाकर रहते थे। इन दिनों ललित विजिया चौराहे में घर बनवा रहे थे। निर्माणाधीन मकान की देखरेख के लिए वह रोजाना अपनी स्कूटी से विजिया आते थे। बृहस्पतिवार सुबह भी ललित विजिया आ रहे थे।
रक्सराई गांव के समीप लोडर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में ललित को गंभीर चोटें आईं। हादसा देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए ले जाने की व्यवस्था करने लगे। इस बीच ललित ने दम तोड़ दिया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव सड़क से किनारे कराया। मृतक के पास मिले आधार कार्ड से शव की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने मौत की खबर परिजनों को दी तो वे रोते-बिलखते मौके पर आ गए। दोपहर में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद लोडर चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर भाग निकला था। पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष सुनील सिंह का कहना है लोडर पकड़ा गया है। परिवार के लोग तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सेवानिवृत्त लिपिक ललित प्रसाद की मौत की सूचना पर परिवार के अलावा तमाम रिश्तेदार भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। ललित अपने पीछे दो बेटे व एक बेटी को छोड़ गए हैं। बड़े बेटे आशुतोष अध्यापक हैं। जबकि दूसरे नंबर के बेटे व बहू इंजीनियर हैं। बेटी की वह शादी हो चुकी है। मौत की खबर सुनकर ललित के घर में रिश्तेदारों का तांता लगा है।