ननिहाल में रह रही युवती के साथ रिश्तेदार ने किया दुष्कर्म
- सरायअकिल कोतवाली इलाके की घटना, पुलिस ने केस दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। कोतवाली के एक मोहल्ले में रविवार दोपहर ननिहाल में रह रही युवती के साथ रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पिपरी कोतवाली इलाके के एक गांव के व्यक्ति की ससुराल सरायअकिल कस्बे में है। उसने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी अपने ननिहाल में ही रहती है। आरोप है कि रविवार दोपहर बेटी को ननिहाल में अकेला पाकर पिपरी इलाके के रिश्तेदार धर्मेंद्र पाल ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद बेटी की हालत बिगड़ने लगी तो आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। कुछ देर बाद ननिहाल के लोग जब घर पहुंचे तो बेटी की हालत देख सन्न रह गए। फोन पर मिली सूचना के बाद युवती का पिता भी आ गया। युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि पीड़ित युवती का बयान दर्ज कर उसका मेडिकल भी करा दिया गया है, आरोपी की तलाश की जा रही है।