जिले के गैर सरकारी स्कूल अभिभावकों से मोटी रकम वसूल करने के बाद भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेपरवाह बने हुए हैं। शुक्रवार से स्कूल खुलने हैं, इसके बाद भी 180 स्कूली वाहनों का फिटनेस नहीं कराया गया। परिवहन विभाग की तरफ से करीब डेढ़ महीने पहले ही स्कूल प्रबंधकों को फिटनेस कराने का नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद भी स्कूल प्रबंधकों ने वाहनों के फिटनेस कराने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
नतीजतन, परिवहन विभाग ने इन वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया। चेतावनी दी गई है की 15 जुलाई तक फिटनेस नहीं कराने वाले वाहनों का पंजीयन ही निरस्त कर दिया जाएगा।
कुछ माह पहले गाजियाबाद में एक स्कूल बस में छात्र की मौत के बाद प्रशासन ने विद्यालयों में चलने वाली बसों की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता चला कि जिले में जो भी स्कूली वाहन बच्चों को लाने ले जाने में लगे है वह उनकी फिटनेस नहीं है। इसके बाद परिवहन विभाग ने 180 स्कूली वाहन संचालकों को नोटिस जारी किया था। उनको फिटनेस प्रमाण पत्र लेने के लिए कहा गया था। लेकिन किसी वाहन स्वामी ने फिटनेस नहीं कराया।
76 निजी स्कूलों में 299 वाहन है पंजीकृत
एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल का कहना है जिले में 76 निजी स्कूली में 299 वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से 180 वाहनों का फिटनेस नहीं है। ऐसे वाहन संचालकों को नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी स्कूल संचालकों ने फिटनेस नहीं कराया। इन स्कूल संचालक बसों का पंजीयन फिलहाल निलंबित कर दिया गया है। अब 15 जुलाई तक फिटनेस नहीं हुआ तो वाहन का पंजीयन ही निरस्त कर दिया जाएगा।
मानक की अनदेखी कर फर्राटे भरने वाले वाहन होंगे सीज
मंझनपुर। परिवहन विभाग की ओर से जारी की गई गाइडलाइन को पूरा न करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए एक जुलाई (आज) से विशेष अभियान चलाया जाएगा। एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल ने बताया कि पुलिस टीम के साथ वाहनों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान जिन वाहनों के फिटनेस, बीमा, प्रदूषण पत्र नहीं मिले तो उसे सीज कर दिया जाएगा।
स्कूली वाहनों के मानक
0 गाड़ी की फिटनेस के अलावा बीमा व अन्य प्रपत्र हों
0 वाहन में फर्स्ट एड किट होनी चाहिए
0 खिड़की के बाहर जाली या लोहे की राड हो
0 गाड़ी में सीज फायर के साथ ही इमरजेंसी अलार्म की व्यवस्था हो
0 गाड़ी पर आपातकालीन फोन नंबर लिखे होने चाहिए
0 स्कूल बस का चालक व परिचालक वर्दी में हो और उसका सारा ब्योरा स्कूल में दर्ज मिले