फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सालभर बाद खुले प्राइमरी स्कूल, कक्षाओं में चहके बच्चे

विज्ञापन
primary schools opens on monday in district - फोटो : KAUSHAMBI
विज्ञापन
मंझनपुर। वैश्विक महामारी कोरोना की वजह से 25 मार्च 2020 से बंद चल रहे परिषदीय स्कूल सोमवार से खोल दिए गए। करीब साल भर बाद स्कूलों के खुलने पर अफसरों ने उत्सव की तरह कार्यक्रमों का आयोजन किया। हालांकि, स्कूल में पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष महज 50 फीसदी विद्यार्थियों को ही पहले दिन बुलाया गया था। खुद जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने अपने आवास के करीब बबुरा स्थित प्राथमिक स्कूल में पहुंचकर कक्षाआओं का संचालन शुरू कराया।
विज्ञापन

कोरोना की वजह से प्रदेश सरकार ने मार्च 2020 में सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया था। पिछले दिनों कोरोना की रफ्तार थमते देख सरकार ने सोमवार से स्कूलों को खोलने का फैसला लिया। इसके तहत जिले के सभी परिषदीय स्कूल भी खोल दिए गए। हालांकि, इससे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालयों, इंटर मीडिएट कॉलेजों और महाविद्यालयों को खोला गया था। नवीन शासनादेश के अनुसार सोमवार से सरकारी और गैर सरकारी शैक्षिक संस्थानों को भी खोलने का निर्देश हुआ। स्कूल के पहले दिन को अफसरों ने उत्सव की तरह मनाया।
जिले के तमाम स्कूलों को आकर्षक गुब्बारे व फूलों से सजाया गया था। स्कूल खोलने का शुभारंभ जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंझनपुर से सटे बबुरा प्राथमिक विद्यालय से किया। खंड शिक्षाधिकारी मंझनपुर डॉ. अविनाश सिंह के मुताबिक परिषदीय स्कूलों में एक लाख 60 हजार बच्चों का पंजीकरण है। सोमवार को खुले स्कूलों में बच्चों को रोस्टर के हिसाब से बुलाया गया था। उनका दावा है कि पहले दिन स्कूल आने को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। स्कूलों की ओर से देर शाम तक आई रिपोर्ट में कहा गया कि पहले दिन 90 फीसदी से ज्यादा बच्चों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विज्ञापन

कहीं टीचर नहीं तो कहीं बदहाल मिले कक्ष
मंझनपुर। सोमवार को खुले परिषदीय स्कूलों में तमाम तरह की दिक्कतें भी सामने आईं। किसी स्कूल में अध्यापक नहीं पहुंचे तो कहीं पर कमरों की बदहाली साफ दिखी। इस बाबत अमर उजाला ने पड़ताल की तो तश्वीरें सामने आईं। बारा संवाददाता के मुताबिक कौशाम्बी विकास खंड के मुस्तफाबाद स्थित प्राथमिक स्कूल में कक्षा एक के बच्चों को पढ़ाने के लिए कोई भी अध्यापक मौजूद नहीं था। 10 की संख्या में पहुंचे बच्चे खेलकूद में मशगूल दिखे। यही हाल हसनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का था। वहां भी अध्यापक नहीं पहुंचे थे। संवाद
टीका लगाकर बच्चों का किया स्वागत
मंझनपुर। प्राथमिक विद्यालय उदहिन खुर्द और कसिया पूरब में स्कूल आए बच्चों का टीका लगाकर स्वागत किया गया। अध्यापकों ने उन्हें टीका लगाने के बाद मंगल आयु व बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही बच्चों को नवाचार से जुड़े कार्यक्रमों के बाबत जानकारी दी गई।
स्कूलों में चस्पा हुआ नोटिस
मंझनपुर। सर्व शिक्षा अभियान के तहत आओ फिर से स्कूल चलें। अभियान को लगाकर प्राथमिक स्तर के स्कूल खोले गए। इसमें बच्चों के लिए स्कूल आने का रोस्टर निर्धारित किया गया है। सोमवार व बृहस्पतिवार को कक्षा एक और पांच के बच्चे बुलाए जाएंगे, मंगलवार और शुक्रवार को कक्षा दो व चार और बुधवार व शनिवार को कक्षा तीन के बच्चों को बुलाया जाएगा।
सोशल डिस्टेसिंग और मास्क का किया गया पालन
मंझनपुर। स्कूलों में पहुंचे बच्चों को शारीरिक दूरी के साथ कक्षा में बिठाया गया। इसके अलावा बच्चों को मास्क वितरित किए गए। भैला मकदूमपुर स्थित स्कूल में अध्यापकों ने पहले दिन की कक्षा में पढ़ाई के अलावा कोरोना से बचाव के बाबत जानकारियां दीं। नारा के बलीपुर स्कूल में बच्चों को सैनिटाइजर व थर्मल स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया।
महंगाई का दिखा असर, स्कूल में जला चूल्हा
मंझनपुर। सिलिंडर के दामों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी का असर अब बच्चों के निवाले पर भी दिखने लगा है। सोमवार को पहले दिन खुले परिषदीय स्कूलों में ऐसे ही हालात देखने को मिले। प्राथमिक विद्यालय भैला मकदूमपुर द्वितीय में रसोइयों ने सिलिंडर की बजाय लकड़ी के चूल्हे में रोटी पकाकर बच्चों को खिलाया।
कहीं शौचालय तो कहीं पानी की रही दिक्कत
मंझनपुर। परिषदीय स्कूल तो खोल दिए गए हैं, लेकिन मूलभूत व्यवस्थाएं सुचारू रूप से नहीं की गईं। कहीं पर शौचालय की दिक्कत रही तो कहीं पर पीने के पानी की समस्या सामने आई है। बैगवां फतेहपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का शौचालय ब्रस्ट मिला। यही हाल भैला मकदूमपुर स्थित विद्यालय का था। शौचालय की टाइल्स व सीट उखड़ी पड़ी थी। निरीक्षण के लिए गए अफसर सबकुछ जानने के बाद भी अनजान बने रहे। संवाद
सिराथू इलाके में चाकचौबंद रही व्यवस्था
मंझनपुर। कड़ा विकास खंड के सौंरई बुजुर्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय में आए बच्चों की कोविड जांच कराई गई। इसके अलावा क्षेत्र के स्कूलों को गुब्बारे से सजाया गया था। स्कूल आए बच्चों को चंदन व रोरी लगाकर पुष्प वर्षा की गई। सौंरई स्थित सीएचसी में अधीक्षक डॉ. नीरज सिंह ने बच्चों को टॉफी व चाकलेट बांटे। साथ ही 40 बच्चों का एंटीजन किट के जरिए स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक बीरेंद्र शंकर, अजय साहू, रामप्रसाद राठौर, शशि देवी, राजेश शर्मा, आशीष श्रीवास्तव, योगेंद्र यादव, पूनम सिंह, अनूप सिंह, शिवम केसरवानी सहित तमाम लोग मौजूद रहे। संवाद

primary schools opens on monday in district- फोटो : KAUSHAMBI

primary schools opens on monday in district- फोटो : KAUSHAMBI

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें