सैनी कोतवाली के कोरियों गांव के मजरा सोनारन का पूरा में मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनारन का पूरा गांव के सरवन की 22 वर्षीय पत्नी संगीता को चार दिन पूर्व प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इस पर परिजन उसे सीएचसी कड़ा ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया। परिजन मेडिकल कॉलेज न ले जाकर उसे एक निजी अस्पताल ले गए।
जहां ऑपरेशन के बाद उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद डॉक्टर ने प्रसूता को घर भेज दिया। मंगलवार की देर रात एक बार फिर प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान परिजन जब तक संगीता को अस्पताल ले जाते, उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई सेलरहा पश्चिम गांव निवासी अमर बहादुर ने पुलिस को तहरीर देकर डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सिराथू के नायब तहसीलदार अतुल कुमार वर्मा की मौजूदगी में सैनी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।