Police raid in illegal liquor factory, 225 liters of liquor recovered
- फोटो : KAUSHAMBI
कस्बे के शांति नगर मोहल्ले की मलिन बस्ती में अवैध शराब की भट्ठियों पर पुलिस ने छापे मारे। मौके से एक कारोबारी पकड़ा गया, जबकि दो लोग भागने में सफल रहे। पुलिस ने तीनों के घर से शराब की भट्ठी व 225 लीटर महुए की शराब बरामद की।
कारोबारी खुलेआम देसी शराब के ठेके की तर्ज पर यहां शराब पिलाने का धंधा करते थे। अजुहा चौकी प्रभारी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें मलिन बस्ती में अवैध शराब बनाने की जानकारी पिछले कुछ दिनों से मिल रही थी।
पता चला कि कारोबारी महुए की शराब बनाकर उसे पड़ोस के गांवों में भी सप्लाई किया करते थे। इसके अलावा अगर कोई ग्राहक उनके यहां शराब खरीदने आता है तो उसके पीने की व्यवस्था भी कारोबारी करते थे। इसे लेकर अक्सर विवाद का अंदेशा बना रहता था। सोमवार रात मुखबिर से पता चला कि बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई जा रही है। इस पर फोर्स के साथ दबिश दी गई।
बस्ती के सरदार, तिवारी और रमेश के यहां से शराब की भट्ठी बरामद हुई। सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि रमेश और तिवारी भागने में सफल रहे। सभी के यहां 225 लीटर अवैध शराब व करीब 20 क्विंटल महुआ लहन बरामद हुआ है। मंगलवार को सरदार के खिलाफ लिखापढ़ी करके चालान न्यायालय भेज दिया गया है।
सराकारी भांग की दुकानों से बेचा जा रहा गांजा
मंझनपुर और भरवारी के सरकारी भांग के ठेके से खुलेआम गांजा की बिक्री की जा रही है। इसकी वजह से युवा पीढ़ी नशे की लत में जा रही है। गांजा के लती इलाके में छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं तक को अंजाम दे रहे हैं। आबकारी विभाग और पुलिस की मिलीभगत से यह गोरखधंधा जिले के दो प्रमुख बाजारों में फल फूल रहा है।