kaushambi news : कौशाम्बी में पुलिस से द्वारा तोड़ा गया दरवाजा।
- फोटो : कौशाम्बी
सिराथू विकास खंड के उदिहिन निवासी दिलीप सिंह पटेल भाजपा नेता हैं। वह सिराथू ब्लॉक से वर्ष 2016 में प्रमुख रह चुके हैं। इस बार भाजपा ने सिराथू ब्लॉक प्रमुख पद के लिए सीतू मौर्या पत्नी लवकुश मौर्या को प्रत्याशी घोषित किया है, जिस पर दिलीप पटेल ने पार्टी से बगावत कर पत्नी सुधा सिंह का निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतार दिया। बृहस्पतिवार को सुधा सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। सुधा के साथ तमाम बीडीसी सदस्य थे। नामांकन के बाद 20 बीडीसी सदस्य दिलीप सिंह के घटमापुर स्थित ईंट भट्ठे के पास वाले आवास पर विश्राम के लिए ठहर गए। दिलीप सिंह का कहना है कि रात करीब 12 बजे सीओ सिराथू योगेंद्र कृष्ण नारायण सिंह की अगुवाई में सैनी व पइंसा कोतवाली की फोर्स उनके आवास पर पहुंची।
kaushambi news : पुलिस के द्वारा कमरे में की गई तोड़फोड़।
- फोटो : prayagraj
पहले दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज दी गई। रात ज्यादा होने के कारण समर्थकों ने दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस ने उसे तोड़ दिया। इसके बाद बीडीसी सदस्य व समर्थकों को लाठी-डंडे से जमकर पीटा गया। इसमें बिसारा गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य राजू पासी का सिर फट गया। पुलिसकर्मी सभी सदस्यों को सैनी कोतवाली जबरन उठा ले गए। देर रात सैनी कोतवाली में दिलीप सिंह पटेल ने समर्थकों संग धरना दिया तो वहां सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल भी पहुंचे। विधायक के हस्तक्षेप के बाद सदस्यों को उनके परिवार व रिश्तेदारों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। वहीं दिलीप पटेल के समर्थक सुशील कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि सिर्फ 18 सदस्यों को छोड़ा गया है। बीडीसी सदस्य शिव कुमार व महेंद्र मौर्या लापता हैं। पुलिस ने शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
इनका कहना है
घटमापुर के एक मकान में बीडीसी सदस्यों को अगवा करके रखने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने वहां छापा मारा। सदस्यों को उनके घरवालों की सुपुर्दगी में दिया गया है। किसी सदस्य के गायब होने की जानकारी नहीं है। -राधेश्याम, एसपी