बालू के 11 ओवरलोड वाहन पकड़े, सीज
-शुक्रवार भोर एसडीएम सदर व खान अधिकारी ने की कार्रवाई
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। बालू के ओवरलोड वाहनों के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। एसडीएम सदर प्रखर उत्तम व खान अधिकारी आरपी सिंह के नेतृत्व में टीम ने सदर कोतवाली की टेवां पुलिस चौकी और महेवाघाट में बालू के 11 ओवरलोड वाहनों को पकड़कर सीज कराया।
जिले में इस बार यमुना में बालू की गुणवत्ता अच्छी नहीं हैं। इस वजह से ट्रक चालक चित्रकूट जिले से बालू लेकर आते हैं। यहां के पट्टाधारक ट्रक चालकों को ओवरलोड बालू देने का लालच देकर अपने घाटों पर बुलाया करते हैं। इस वजह से जनपद की सड़कों पर बालू से ओवरलोड वाहन रातों दिन फर्राटा भरते हैं। पुलिस ट्रक चालकों से वसूली करके गाड़ियों को पास कराते हैं। इससे जिले की सड़कों की हालत खराब होती जा रही है। बालू की ओवरलोडिंग को लेकर अफसरों के पास आए दिन शिकायतें पहुंच रही थीं। इसको लेकर शुक्रवार भोर एसडीएम सदर प्रखर उत्तम व खान अधिकारी आरपी सिंह ने टेवां व महेवाघाट के पास पुलिस की मदद से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बालू के 11 ओवरलोड ट्रक व डंपर पकड़े गए। अफसरों ने पकड़े गए वाहनों को पुलिस के सुपुर्द किया है। अफसरों की कार्रवाई से बालू घाट संचालकों व ट्रक चालकों में हड़कंप रहा।