विधानसभा के चुनाव में पार्टी को मजबूती देने के लिए बुधवार को (आज) पीएम नरेंद्र मोदी जनपद आएंगे। पुलिस लाइन के समीप आयोजित जनसभा के माध्यम से वह विरोधी दलों पर निशाना साधेंगे। जनसभा में जनपद से तीन व चित्रकूट जिले की दो विधानसभाओं के प्रत्याशी भी शामिल रहेंगे। पीएम के आगमन से पूर्व ही सुरक्षा दलों ने कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले लिया। पीएम के आगमन से पूर्व मंगलवार को मंच से लेकर, सुरक्षा घेरा, बैरिकेडिंग और आमजनों के आने और जाने के रास्ते एवं पार्किंग स्थल ही सघनता से जांच की गई।
प्रधानमंत्री इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में भी भरवारी कस्बा स्थित बीएस मेहता कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। इस बार फिर से विधानसभा चुनाव में भगवा लहराने के लिए पुलिस लाइन के पीछे स्थित मैदान में प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के साथ मंच पर प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं सिराथू से भाजपा प्रत्याशी केशव प्रसाद मौर्य, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद, अपना दल (एस) नेता आशीष पटेल, सांसद विनोद सोनकर, आरके पटेल के साथ भाजपा-अद-निषाद पार्टी गठबंधन के सभी प्रत्याशी और प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। पीएम के आगमन से पहले ही सुरक्षा दलों ने कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है। मंगलवार को मंच से लेकर, सुरक्षा घेरा, बैरिकेडिंग और आमजनों के आने और जाने के रास्ते एवं पार्किंग स्थल ही सघनता से जांच की गई।
भाजपाइयों का कहना है कि पिछले लोकसभा चुनाव में जब पीएम मोदी आए थे तब उनके भाषण ने दोआबा के साथ-साथ आसपास के जनपदों की कई सीटों का माहौल बदल दिया था। इस बार भी पीएम का आना पार्टी के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित होगा। कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर पार्टी पदाधिकारियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारी तक तैयारियों में डटे रहे।
भाजपा नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो बजे जनसभा स्थल पहुंचेंगे। इस दौरान वो जनपद की तीनों सीटों के भाजपा गठबंधन प्रत्याशियों के अलावा चित्रकूट जनपद की दो विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाएंगे। सभी प्रत्याशी भी सभास्थल पर मौजूद रहेंगे।
पांच आईपीएस, एटीएस, एसटीएफ सुरक्षा में तैनात
प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर जिले में चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार को एडीजी प्रयागराज प्रेम प्रकाश ने जनसभा स्थल पर बैठक कर फोर्स को विस्तार से जानकारी दी। गैर जनपदों से आए फोर्स को ड्यूटी बताई गई। एसपीजी कमांडो भी तैनात हो गए हैं। पीएम की सुरक्षा में पांच आईपीएस अफसरों के साथ ही एटीएस व एसटीएफ भी तैनात रहेगी।
एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि जिले में पांच एसपी, नौ एडिशनल एसपी, 24 सीओ, 36 निरीक्षक व एसओ, 165 एसआई, 12 महिला दरोगा, 750 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 185 महिला आरक्षी, ट्रैफिक पुलिस के 60 जवान, 10 क्यूआरटी टीम व पांच कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है। इन सबके साथ ही एडीएम और एसडीएम स्तर के 52 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा एटीएस, एसटीएफ, एंटी ड्रोन दस्ता भी सुरक्षा में लगाए गए हैं। करीब तीन किलोमीटर का एरिया पुलिस की घेराबंदी में रहेगा।
आज ओसा टेवां मार्ग पर रहेगा रूट डायवर्जन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पुलिस लाइन के पीछे चुनावी जनसभा को संबोधित करने आएंगे। इसे लेकर ओसा-टेवां मार्ग पर रूट डायवर्जन किया गया है। पुलिस ऑफिस से मिली जानकारी के मुताबिक भरवारी की तरफ से महेवाघाट की ओर जाने वाले भारी वाहनों को पश्चिमशरीरा के रास्ते महेवाघाट भेजा जाएगा। इसी तरह महेवाघाट की ओर से मंझनपुर व भरवारी की तरफ आने वाले वाहनों को भी पश्चिमशरीरा के रास्ते गंतव्य के लिए भेजा जाएगा। यह डायवर्जन सुबह से लेकर पीएम की जनसभा समाप्त होने पर लागू रहेगा। जनसभा के एक घंटे पहले से चार पहिया वाहन भी इस रूट पर प्रतिबंधित रहेंगे।