विधानसभा चुनाव की अधिसूचना लगने के बाद अब पुलिस लाइसेंसी असलहे जमा करवा रही है। इसके लिए थाना स्तर पर क्षेत्र के शस्त्रधारकों की सूची तैयार की गई है। अब तक चार हजार के करीब शस्त्र लाइसेंस जमा भी कराए जा चुके हैं। जरूरतमंद लोगों को अपने पास शस्त्र रखने के लिए शर्तों के आधार पर छूट दी गई है। इसके लिए जिलाधिकारी के यहां आवेदन करके अनुमति प्राप्त करनी होगी।
जिले में करीब 15 हजार लोगों के पास शस्त्र लाइसेंस हैं। तमाम लोग असलहा जमा करने से कतरा रहे हैं। चुनाव के पहले पुलिस हर हाल में शस्त्र जमा कराने की तैयारी में है। इसे लेकर बीट के सिपाही शस्त्र धारकों से बराबर संपर्क कर रहे हैं।
लेकिन आयोग की गाइड लाइन के मुताबिक कुछ जरूरी शर्तों के हिसाब से लोगों को अपने पास शस्त्र रखने की अनुमति भी दी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर का कहना है कि पेट्रोल पंप मालिक, सराफा कारोबारी या वह बड़े व्यापारी जो काफी पैसे का लेनदेन करते हैं, वे असलहा रखने की अनुमति ले सकते हैं। इसके लिए उचित कारण बताना होगा। इसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वालों को भी अनुमति मिलेगी।