महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के हिनौता गांव में चोरी के शक में एक युवक को दबंगों ने अगवा कर बंधक बनाया ौर कमरे में बंदकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद आरोपी उसे पुलिस चौकी ले गए और वहां जिंदा जलाने की धमकी दी। पीड़ित पुलिस के सामने गिड़गिड़ाता रहा लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। एसपी के निर्देश पर शुक्रवार को पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हिनौता निवासी विमलेश ने बताया कि 17 जून की शाम वह घर के बाहर अकेला बैठा था। इसी दौरान कुंजबिहारी परिजनों व साथियों के साथ पहुंचा और चोरी का आरोप लगाते हुए उसे जबरन अपने घर ले गया। वहां कमरे में बंदकर उसे जमकर पीटा गया। बंदूक दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उसका हाथ-पैर बांधकर हिनौता पुलिस चौकी ले जाया गया। पुलिस के सामने भी हमलावरों ने उसे जिंदा जलाने की धमकी दी।
पुलिस ने भी फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी। वह पुलिस वालों के सामने गिड़गिड़ाता रहा लेकिन पुलिस कर्मी भी दबंगों की हां में हां मिलाते रहे। इसके बाद उसे कहीं शिकायत नहीं करने की धमकी देते हुए छोड़ दिया गया। शुक्रवार को घटना की शिकायत एसपी से की गई। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने कुंजबिहारी, संदीप सिंह, इंद्रसेन सिंह, सज्जन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। विमलेश को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
इनका कहना है
अफसरों के यहां पीड़ित ने जो शिकायती पत्र दिया था, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित का मेडिकल कराने के साथ ही हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। - रोशनलाल, इंस्पेक्टर महेवाघाट