स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के 177 घरों में जाकर लोगों से की बातचीत
फोटो- 22
संवाद न्यूज एजेंसी
मूरतगंज। ब्लॉक क्षेत्र के बलिहावां में बृहस्पतिवार को बुखार पीड़ित एक नवजात की मौत हो गई। वहीं उसके माता-पिता समेत गांव के 33 लोग बीमार हैं। इनमें कोई बुखार से पीड़ित है तो किसी को सर्दी-जुकाम और त्वचा रोग ने घेर रखा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के 177 घरों का भ्रमण किया। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करके दवाएं दीं।
बलिहावां गांव में बीमारियों ने पैर फैला रखे हैं। गांव निवासी रामू की पत्नी सुनीता ने चार दिन पहले पीएचसी मूरतगंज में बेटे को जन्म दिया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उसी दिन परिजन उसे घर भी ले आए थे। रामू ने बताया कि बुधवार की देर शाम बेटे को तेज बुखार आया।
नवजात को मूरतगंज के एक प्राइवेट अस्पताल में दिखाया था। दवा लेकर वे घर आ गए। बृहस्पतिवार की भोर में बेटे की मौत हो गई। यही नहीं रामू और उसकी पत्नी सुनीता भी बुखार से पीड़ित है। गांव के अशर्फी लाल, अंशू सिंह, सर्वेश कुमार, निर्भय सिंह, जगदीश कुमार, कैलाश सिंह, कुंवर पटेल, बाल कुमार, पंचम लाल, रामू, सूरज कुमार समेत 13 लोगों को बुखार ने अपनी चपेट में ले रखा है।
इसके अलावा कुछ लोग सर्दी, जुकाम, त्वचा रोग और पेट के दर्द से जूझ रहे हैं। पीएचसी से डॉ. राहुल अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम में शामिल कर्मचारियों ने गांव के 177 घरों का भ्रमण किया। लोगों से बातचीत की। इस दौरान जो भी बीमार मिला, उसे दवाएं दी। 18 लोगों के खून का नमूना लिया गया।
बुधवार को भी इसी गांव में कई लोग बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित मिले थे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके गुप्ता ने बताया कि बुखार, सर्दी, जुकाम और त्वचा समेत अन्य रोगों से पीड़ित 33 लोग मिले हैँ। सभी का परीक्षण कर उपचार किया गया है। नवजात की मौत की जानकारी नहीं है।