दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर कटोंघन स्टेशन के समीप रविवार भोर करीब पांच बजे पटना स्पेशल ट्रेन में यात्री की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के रोहतास जनपद के मोहम्मद इम्तियाज के रूप में हुई है।
रोहतास के करहर थाना क्षेत्र के सेवरिया गांव निवासी मोहम्मद इम्तियाज अहमदाबाद के भर्त्सना इलाके में बिल्डिंग मैकेनिक था। शनिवार को वह अपने साथियों छोटू और अजीत के साथ जयपुर (राजस्थान) से पटना स्पेशल ट्रेन से घर लौट रहा था। छोटू के मुताबिक, ट्रेन फतेहपुर के पास पहुंची तो इम्तियाज की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जब तक वे कुछ समझ पाते कटोंघन स्टेशन के पास ही उनकी मौत हो गई। यात्रियों ने ट्रेन को सिराथू स्टेशन पर रुकवाया।
जानकारी पर पहुंची जीआरपी सिराथू ने शव को ट्रेन से नीचे उतरवाकर सीएचसी सिराथू भेजा। यहां डॉ. अचिंत्य सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है। जीआरपी प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज भेजा गया है। साथ ही परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दे दी गई है।