कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के सोनवारा गांव में सोमवार सुबह एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
सोनवारा गांव की रमा देवी (26) पत्नी दरोगा गृहणी थी। सोमवार सुबह सोकर उठने के बाद उसने घरेलू काम निपटाया। इसके बाद अपने कमरे में गई और रस्सी के सहारे चुल्ले से फांसी के फंदे पर लटक गई। कुछ देर बाद पति कमरे में गया तो रमा को फंदे पर लटकता देख चीख पड़ा।
शोर-शराबा सुन मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर वालों के साथ पुलिस भी यह नहीं बता पा रही है कि महिला ने मौत को गले क्यों लगाया। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। मामले में कौशाम्बी कोतवाल स्वामीनाथ का कहना है कि महिला का मायका भी उसी गांव में है। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिली तो एफआईआर लिखकर कार्रवाई की जाएगी।