यमुना नदी में कूद रहे प्रेमी युगल को उसके रिश्तेदार व ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को जमकर पीटा गया। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पहुंची प्रयागराज के लालापुर कोतवाली की पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया।
सरायअकिल कोतवाली के नंदा का पूरा निवासी एक युवक मुंबई के कल्याण इलाके में रहकर सिलाई का कारखाना चलाता है। परिवार के लोगों के मुताबिक युवक की रिश्तेदारी यमुनापार के लालापुर कोतवाली क्षेत्र में भिलोर गांव में है। इसी गांव की एक युवती से युवक प्रेम करता है।
अभी दो दिन पहले ही युवक मुंबई से गांव लौटा था। रविवार सुबह युवक और उसकी प्रेमिका नंदा का पूरा घाट में पीपा पुल के पास आपत्तिजनक हालत में मिले। युवती की खोजबीन कर रहे परिजनों ने जब उन्हे इस हालत में देखा तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्हें मारने के लिए दौड़ा लिया।
इस पर युगल ने जान देने के इरादे से नदी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला और जमकर पीटा। घटना की जानकारी होने पर लालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मारपीट करने वाले 13 लोगों को हिरासत में लिया है। इस बाबत सीओ बारा अमित सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।