एयरपोर्ट कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी जोड़े ने जहर निगल लिया। इससे दोनों की हालत गंभीर हो गई। आनन फानन में परिजनों ने मुंडेरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। युवती के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
एयरपोर्ट कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति किसानी कर गुजारा करता है। उसकी 22 वर्षीय बेटी क्षेत्र के एक कालेज में इंटर की छात्रा थी। लोगों के अनुसार युवती गांव के ही एक युवक से प्रेम करती थी। दोनों चोरी छिपे मोबाइल फोन के जरिए बात चीत करते थे। दोनों शादी भी करना चाहते थे। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होने दोनो का मोबाइल लेकर बात चीत पर पाबंदी लगा दी। इससे परेशान प्रेमी जोड़े ने मरने का फैसला कर लिया।