सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में जिला टॉप करने वाली श्रेया सिंह प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती है। श्रेया को हाईस्कूल की परीक्षा में 96.80 प्रतिशत अंक मिला है। श्रेया की सफलता से उसके परिजनों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सेवकूपुर निवासी उपेंद्र सिंह की बेटी श्रेया ने अपनी मेहनत के बूते यह कामयाबी हासिल की है। उपेंद्र फतेहपुर में छात्रावास अधीक्षक है जबकि उनकी पत्नी ममता सिंह प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक हैं।
श्रेया उनकी बड़ी बेटी है और वह भवंस मेहता भरवारी में पढ़ती है। श्रेया के बाबा सूरज सिंह प्रिंसपल है और जिला स्तर पर उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। सूरज सिंह बताते हैं कि श्रेया उनके पास ही सोती थी, रात को जब उनकी नींद खुलती थी तो श्रेया पढते ही मिलती थी। बिना किसी कोचिंग के श्रेया अपनी मेहनत व लगन के बूते यह मुकाम पाया है।
सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में जिला स्तर दूसरा स्थान पाने वाला कुलदीप अग्रहरि आगे चलकर आईआईटी से इंजीनियरिंग करना चाह रहा है। सरायअकिल के पटेल चौराहा निवासी व्यापारी मथुरा प्रसाद के बेटे ने अपनी मेहनत के दम पर सफलता पाई है। कुलदीप कौशाम्बी प्रेसिडेंसी स्कूल एंड कॉलेज भरवारी का छात्र है। हाईस्कूल की परीक्षा में 96.6 फीसद अंक मिले हैं। कुलदीप दो बहन और दो भाइयों में छोटा है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर की प्रियंका ग्रेजुएशन करने के बाद तैयारी कर रही है। भाई दिलीप किराने की दुकान संभाल रहा है।