350 करोड़ से होगा शीतलाधाम कड़ा का विकास
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शक्तिपीठ शीतलाधाम कड़ा के विकास के लिए 350 करोड़ से अधिक लागत से योजना तैयार कराई जा रही है। मां विंध्यवासिनी की तर्ज पर माता शीतला के दरबार को दिव्य और भव्य बनाया जाएगा। वहीं प्रयागराज से महेवा घाट तक जलमार्ग सेवा शुरू की जाएगी, ताकि जिले का सर्वांगीण विकास हो सके। जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके, इसके लिए भी शासन स्तर पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम बुधवार को गृहनगर सिराथू के सयांरा स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित लाभार्थी वितरण कार्यक्रम को संबोधित करने आए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा कि जिले का सर्वांगीण विकास के लिए अफसरों से योजनाओं के प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए गए हैं।