सीएमओ डॉ पीएन चतुर्वेदी ने बताया कि बुधवार को दो किश्तों में लैब से 203 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आई है। इनमें से 16 लोग संक्रमित मिले हैं। मूरतगंज क्षेत्र का एक हार्ट पेशेंट मुंबई से आया था। स्वास्थ्य विभाग ने नौ जून को उसका स्वॉब सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संक्रमित को जिला चिकित्सालय के एल-2 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
इसी क्षेत्र के छह अन्य लोग भी संक्रमित मिले हैं। इनमें भरवारी कस्बे के चार लोग शामिल हैं। इनके अलावा पश्चिमशरीरा क्षेत्र के सात व मंझनपुर कस्बे के दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमितों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही इनके संपर्कियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 13 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहने की हिदायत देकर डिस्चार्ज कर दिया गया। सीएमओ ने बताया कि संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए जिले के अलग-अलग हिस्सों में बने कंटेनमेंट जोन में शिविर लगाकर 259 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।