जिले के आठ विकास खंडों में से सात पर शनिवार की सुबह 11 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। भारी गहमागहमी के बीच क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बारी-बारी से संबंधित ब्लॉकों में पहुंचकर मतदान किया। निर्धारित समयावधि तीन बजे से घंटे भर पहले ही तकरीबन सभी ब्लॉकों में मतदान पूर्ण हो गया था। तीन बजे के बाद मतों की गिनती प्रारंभ हुई। महज आधे घंटे में ही नतीजे आ गए। डिप्टी सीएम केशव मौर्या के गृहनगर सिराथू से भाजपा प्रत्याशी सीतू मौर्या चुनाव जीत गईं। चुनाव में सीतू को 59 तथा निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी निर्मला देवी को महज पांच वोट मिले।
इसी तरह कड़ा से सपा प्रत्याशी अनुज यादव लगातार दूसरी बार चुनाव जीत गए। चुनाव में अनुज को 65 मत मिले। जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी कौशल्या तिवारी को महज 20 वोट मिले। मंझनपुर ब्लॉक से सदर विधायक लालबहादुर की रिश्तेदार भाजपा प्रत्याशी सरला राय निर्वाचित हुईं। चुनाव में उन्हें 39 और सपा की मनीषा देवी को 33 मत मिले। यहां परिणाम की घोषणा होते ही सपाई मतगणना में धांधली का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। सपाई पुर्न मतगणना की मांग पर अड़े थे।
बाद में सपाइयों को एएसपी समर बहादुर ने समझाबुझाकर किसी तरह शांत कराया। मूरतगंज में सपा समर्थित राम प्रसाद चुनाव जीत गए। रामप्रसाद को 54 व भाजपा के शिवमूरत को सिर्फ 18 मत मिले। कौशाम्बी ब्लॉक से निर्दलीय प्रत्याशी संध्या द्विवेदी ने भाजपा की मालती देवी को करारी शिकस्त दी। संध्या को 52 व मालती को 24 मत मिले। सरसवां से निर्दलीय अमर सिंह ने चुनाव जीत लिया। चुनाव में अमर सिंह को 60 व आरती को 20 वोट मिले। नेवादा ब्लॉक में निर्दलीय प्रत्याशी केलपति व प्रदीप कुमार को बराबर वोट मिलने के कारण मुकाबला टाई हो गया था। सूचना के बाद पहुंचे डीएम-एसपी की मौजूदगी में लाटरी के जरिये परिणाम निकाला गया। जिसमें केलपति विजयी हुईं।