जायदाद की लालच में शराबी ने पिता को पीटकर मार डाला
पश्चिमशरीरा कोतवाली इलाके के खरौना गांव में सोमवार की रात हुई घटना
आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पश्चिमशरीरा। कोतवाली इलाके के खरौना गांव में सोमवार रात नशे में धुत बेटे ने जायदाद की लालच में पिता को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला। बुजुर्ग खून से लथपथ सुबह चारपाई पर पड़ा था। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
खरौना गांव निवासी अशर्फी लाल (60) के दो बेटे सुनील और राजोल हैं। सुनील पिता के हिस्से की डेढ़ बीघा जमीन में बंटवारा करना चाहता था। बताया जाता है कि सुनील को शराब पीने की लत थी। बंटवारे को लेकर अक्सर घर में विवाद होता था। सोमवार रात अशर्फी लाल खाना खाने के बाद सो रहे थे। रात को सुनील ने बंटवारे को लेकर पिता को पीटा। मंगलवार सुबह सुनील का बेटा राजा नींद से जगा और बाबा को पास पहुंचा तो देखा कि उनकी चारपाई से खून टपक रहा था। इस पर नौ वर्षीय राजा ने शोर मचाया तो परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पर अशर्फी लाल की भयाहू लक्ष्मिनयां मौके पर पहुंची।
लोगों ने देखा तो अशर्फी लाल की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर सुनील बुत बना बैठा था। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुनील को पुलिस ने हिरासत में लिया है। फिलहाल पूछताछ में वह कुछ बोल नहीं रहा है। घटना के वक्त सुनील के अलावा उसका नौ वर्षीय बेटा ही घर पर मौजूद था।
इंसेट
बड़े भाई की हरकत से तंग आकर राजोल चला गया था लुधियाना
पश्चिमशरीरा। अशर्फी लाल अपने जिंदा रहते हुए जमीन का बंटवारा नहीं करना चाहते थे। इसे लेकर बड़ा बेटा सुनील शराब पीने के बाद अक्सर घर में कलह करता था। सुनील का कहना था कि पिता पुश्तैनी डेढ़ बीघे जमीन में आधा हिस्सा उसे दे दे। जबकि अशर्फी अपनी जमीन का तीन हिस्सा करना चाहते थे। एक हिस्सा वह अपने बुढ़ापे के गुजर-बसर के लिए रखना चाहते थे। इसी वजह से अक्सर कलह होती थी। रोजाना की किचकिच से परेशान अशर्फी लाल का छोटा बेटा राजोल पानीपत (लुधियाना) चला गया था। पिछले आठ साल से वह घर नहीं आया था। संवाद
-
इंसेट
वारदात के बाद सुनील के चेहरे पर नहीं थी शिकन
पश्चिमशरीरा। पिता के खून से हाथ रंगने के बाद सुनील घटनास्थल के समीप ही बुत बना बैठा था। स्थानीय लोगों की मानें तो सुनील के कपड़े में खून के निशान थे। इसके अलावा घटना स्थल के करीब खून से सनी लाठी भी पड़ी थी। अशर्फीलाल की हत्या के बाद मौके पर भीड़ जुटी लेकिन सुनील के चेहरे पर शिकन तक नहीं आई। पुलिस सुनील को हिरासत में लेकर अपने साथ कोतवाली ले गई है।संवाद
सुनील ने की थी दो शादी, दोनों ने छोड़ा साथ
पश्चिमशरीरा। पिता के खून से हाथ रंगने वाले सुनील की गलत हरकतों के कारण उसकी पत्नी ने भी साथ नहीं दिया था। बताया जाता है कि सुनील ने दो शादी की थी। दोनों पत्नी गुजरात की रहने वाली हैं। शराब को लेकर विवाद होने पर उसकी पत्नियों ने साथ छोड़ दिया। कुछ दिन पहले ही वह पहली पत्नी से जन्मे नौ वर्षीय बेटे राजा को लेकर गांव आया था। संवाद
पिता को जेल जाता देख फफक पड़ा राजा
पश्चिमशरीरा। हत्यारोपी सुनील को गिरफ्तार कर जब पुलिस कोतवाली ले जाने लगी तो उसका नौ वर्षीय बेटा राजा फफक पड़ा। राजा अपने बाबा (अशर्फी) को बेहद प्यार करता था। बाबा की हत्या के बाद राजा दुखी तो हुआ लेकिन जब कत्ल के जुर्म में उसके पिता को जेल ले जाने लगी तो वह फफक पड़ा। राजा पिता से लिपट कर खूब रोया, बाद में परिवार के लोगों ने उसे सहारा दिया और अपने साथ ले गए।
वर्जन
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। पता चला कि सोमवार रात मृतक का सुनील से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। सुनील ने पिता की पिटाई भी की थी। सुबह अशर्फी का शव मिला। फिलहाल हत्या का शक मृतक के बेटे सुनील पर लग रहा है। पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।-रमेश पटेल, इंस्पेक्टर पश्चिमशरीरा