खिड़कियों और दीवारों पर गुटखे की पीक, शौचालयों के बाहर जलजमाव, जगह-जगह कचरे का ढेर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल की बदहाली दर्शा रही है। अस्पताल के आधा दर्जन वार्डों में कूड़े का ढेर और जलभराव है।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना लगभग 1500 मरीज आते हैं। इसके अलावा वार्डों में 100 से 150 मरीज व गर्भवती, प्रसूताएं भर्ती रहती हैं। यहां की सफाई का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि दीवारें पान-गुटखे की पीक से रंगीं हैं। दोपहर 12:07 बजे एमसीएच विंग के प्रथम तल पर स्थित शौचालय के बाहर जलभराव दिखा।
दूसरे तल पर स्थित पीएनसी वार्ड में रखे जनरल कूड़ेदान में मेडिकल कचरा दिखा। वहीं, तीमारदार महेश ने बताया कि रिश्तेदार भर्ती हैं, देखने आया हूं। लघुशंका के लिए शौचालय गया तो स्थिति देख लौट आया। यही हाल दोपहर 12:28 बजे अस्पताल के पुराने भवन के सामने का रहा। यहां जनरल वार्ड के शौचालय में गंदगी से मिनट भर रुकना मुश्किल रहा।