Hornia operation done with money in district hospital, patient dies
- फोटो : KAUSHAMBI
- जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं पर लगा बट्टा
- रकम वापस करा दी गई, दोषी चिकित्सक पर कार्रवाई करेंगे-सीएमएस
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर (कौशाम्बी)। जिला अस्पताल में शनिवार दोपहर हॉर्निया का ऑपरेशन होने के बाद एक मरीज की मौत हो गई। उसके परिजनों ने अवैध रूप से रुपये लेकर आपरेशन करने का आरोप लगाते हुए चिकित्सकों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को अपशब्द कहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। परिवार वाले बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर चले गए। सीएमएस का कहना है कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। पीड़ित परिवार को पैसे वापस करा दिए गए हैं। उन्होंने दोषी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
कोखराज इलाके के ननमई गांव का निक्कन उर्फ नफीशुल हसन (50) पुत्र इदरीश खेती-किसानी से परिवार का पालन पोषण करता था। काफी दिनों से उसे हॉर्निया की शिकायत थी। समस्या अधिक बढ़ने पर शनिवार दोपहर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां ऑपरेशन के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। मृतक की बीवी का आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन से पहले साढ़े सात हजार रुपये की मांग की थी। छह हजार रुपया जमा भी करा लिए थे। ऑपरेशन के तुरंत बाद ही अन्य रुपयों की मांग की जाने लगी। तभी उसके पति की मौत हो गई। इसी आरोप को लेकर पीड़ित परिवारीजनों ने चिकित्सकों तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को जमकर अपशब्द कहे। विवाद बढ़ता, इससे पहले ही किसी ने पुलिस को खबर कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। परिवार वाले पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हुए। इसलिए पंचनामा के बाद लाश उनके हवाले कर दी गई। मामले में सीएमएस डॉ. दीपक सेठ का कहना है कि रुपये लिए जाने की जानकारी हुई थी। रकम वापस करा दी गई है। आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।