सदर कोतवाली के राघवपुर के पास अनियंत्रित विक्रम पलटने से होमगार्ड की मौत हो गई। होमगार्ड बुधवार रात विकास भवन से ड्यूटी कर घर लौट रहा था। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिराथू कस्बे के कानूनगो का पुरवा निवासी शिवदत्त शुक्ला (55) होमगार्ड थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी विकास भवन में थी। बुधवार रात ड्यूटी के बाद सुबह वह विक्रम से घर लौट रहे थे। विक्रम जैसे ही राघवुर के समीप पहुंचा तभी एक्सल टूट जाने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में शिवदत्त सहित तीन लोग जख्मी हो गए। हादसा देख राहगीरों ने पुलिस व एंबुलेंस को खबर दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाई। यहां चिकित्सकों ने शिवदत्त को मृत घोषित कर दिया। बाकी के दो घायल इलाज कराने के बाद घर चले गए। घटना की जानकारी से पीड़ित परिवार में कोहराम है।
साइकिल सवार को टक्कर मारने के बार, कार से भिड़ा कंटेनर
कस्बे के नया नगर निवासी जगन्नाथ अग्रहरि गल्ला का कारोबार करते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर वह सैनी की तरफ से अजुहा आ रहे थे। अजुहा कस्बे के समीप प्रयागराज से कानपुर की तरफ जा रहे कंटेनर ने जगन्नाथ को टक्कर मार दिया। इसके बाद कंटेनर आगे चल रही कार से टकरा गया।
घटना में कार सवार परास निवासी आशीष कुमार और मनोज भी जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा। जहां जगन्नाथ की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद कंटेनर चालक गाड़ी सहित कानपुर को ओर भाग निकला है।