फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaushambi News: गर्मी ने छीना चैन, पारा फिर 45 डिग्री के पार

Mon, 20 May 2024 06:16 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांबी
विज्ञापन
रविवार की दोपहर चिलचिलाती धूप में छाता लेकर निकले लोग। संवाद
विज्ञापन
दिन-ब- दिन गर्मी बेरहम होती जा रही है। रविवार को लगातार दूसरे दिन पारा 45 डिग्री के पार रहा। दिन तो दिन, रात का चैन-सुकून भी इस गर्मी ने छीन लिया है। दिन में तेज धूप की वजह से सड़कें तवे की तरह तपीं। बाहर निकले लोग छांव खोजते रहे। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक हीट वेव की चेतावनी जारी की है।
विज्ञापन

जिले में शनिवार को अधिकतम तापमान 45.5 और न्यूनतम 31.0 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को तापमान में गिरावट आई, लेकिन नाम मात्र की। अधिकतम 45.4 पर तो न्यूनतम पारा 30.6 डिग्री पर आकर ठिठक गया। इस वजह से सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगीं। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, वैसे-वैसे हवाओं में गर्मी के तेवर तीखे होते गए। दोपहर तक स्थिति यह हुई कि पंखे और कूलर में भी लोग पसीना पोछते दिखे।
मंझनपुर के नया नगर निवासी 50 वर्षीय अयोध्या प्रसाद ने बताया कि पिछले साल भी इतनी ही गर्मी पड़ी थी, लेकिन महीना जून का था। इस बार तो एक महीने पहले ही गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है।
विज्ञापन

मंझनपुर की रहने वाली शशि मिश्रा को तब सुकून मिला जब रविवार को बेटे के स्कूल में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित हुए। वह कहती हैं कि हर दिन गर्मी बढ़ रही थी, लेकिन स्कूल बंद नहीं हुआ था। ऐसे में बेटे की सेहत को लेकर काफी फिक्र थी। अब जाकर राहत मिली। कम से कम बेटा घर में सुरक्षित तो रहेगा।


अब 24 मई तक हीट वेव का संकट
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को मौसम विभाग ने 21 मई तक ही हीट वेव की आशंका जताई थी, लेकिन रविवार को जारी हुए पूर्वानुमान में इसे 24 मई तक बढ़ा दिया है। यानी, अब 24 मई तक गर्मी पूरे चरम पर रहेगी। किसानों को चाहिए कि वह सिर्फ सुबह और शाम ही कामकाज के लिए खेतों में जाएं। अन्य लोग भी धूप और लू की चपेट में आने से बचे।


डिब्बा बंद पानी की बढ़ी मांग
डिब्बा बंद पानी का व्यापार करने वाले अमर सिंह बताते हैं कि पहले दिन भर में करीब 500 लीटर पानी की आपूर्ति होती थी। इसकी मांग दोगुनी हो गई है। सिराथू के अमित कुमार का कहना है कि पहले जिन दफ्तरों व घरों में 20-20 लीटर वाला एक-एक डिब्बा पानी जाता था, अब वहां दो-दो डिब्बे देने पड़ रहे हैं। कई जगह तो मांग ही पूरी नहीं हो पा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें