करारी कोतवाली क्षेत्र के बैशकांटी गांव में शुक्रवार शाम तिलक समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में चार महिलाएं जख्मी हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फायर करने वाले को गिरफ्तार कर उसके शस्त्र निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है।
बैशकांटी गांव के छेद्दू सरोज के दो बेटे दिलीप कुमार व धर्मेंद्र कुमार का शुक्रवार को तिलक समारोह था। शाम करीब पांच बजे तिलक का कार्यक्रम हो रहा था। इस बीच मोहल्ले के गुलजारी पुत्र रवि प्रकाश सरोज ने अपनी दो नाली बंदूक से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान अचानक बंदूक की नाल समारोह में बैठे लोगों के तरफ घूम गई, जिससे दिलीप की बहन लालती पत्नी सियाराम व भांजी रुची (8) निवासी नसरुल्लापुर व बैशकांटी की मांझी पत्नी पप्पू व चंद्रावती पुत्री हीरालाल (18) जख्मी हो गईं।
घटना की सूचना पर एसएसआई राकेश चंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इस बाबत एएसपी समर बहादुर का कहना है कि फायरिंग करने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका असलहा लाइसेंसी था। शस्त्र निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है।