महेवाघाट कोतवाली पुलिस ने रविवार रात अहिरन का पुरवा में छापेमारी कर तमंचा फैक्ट्री पकड़ने का दावा किया। पुलिस ने मौके से दो बने और एक अर्द्धनिर्मित तमंचे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया बदमाश अपने भाई के सहयोग से तमंचे बनाकर बेचता था।
इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को मुखबिर से पता चला कि अहिरन का पूरा गांव में अजय सिंह और उसका भाई कपिल सिंह तमंचा बनाकर उसे इलाके के बदमाशों को बेचते हैं। रविवार देर रात भी बदमाशों को सप्लाई करने के लिए कई तमंचा बनाए जा रहे हैं।
इस पर पुलिस ने अजय के घर में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने पर अजय भाग निकला, लेकिन उसका भाई कपिल पकड़ा गया। मौके से निर्माण में प्रयोग किए जाने वाले उपकरण के साथ ही 315 बोर के दो तमंचे और 12 बोर का एक अद्धनिर्मित तमंचा बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा कारतूस भी मिले हैं। सोमवार को पकड़े गए कपिल के खिलाफ लिखापढ़ी कर उसका चालान कर दिया गया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक पकड़े गए कपिल के खिलाफ कोतवाली में लूट सहित तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
तमंचा, कारतूस के साथ बदमाश गिरफ्तार
पिपरी कोतवाली के उप निरीक्षक किशन कुमार बिंद ने सोमवार दोपहर भगवतपुर गांव के पास से एक व्यक्ति को तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया। एसआई के मुताबिक पकड़े गए बदमाश की पहचान कसेंदा गांव निवासी बड़ेलाल के रूप में हुई है। बड़ेलाल के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान कर दिया गया है।
तमंचे के साथ पकड़ा गया गैंगस्टर
सरायअकिल कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने सोमवार दोपहर कोखराज के लालापुर निवासी वसीम को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष अनुपम शर्मा ने बताया कि वसीम के खिलाफ जानलेवा हमले सहित पांच मामले दर्ज हैं। चरवा कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। पकड़े गए वसीम के पास से एक तमंचा व कारतूस भी बरामद करने का दावा किया गया।