सैनी पुलिस के हत्थे चढ़े जबरनाथ साहू हत्याकांड के आरोपी रोहित यादव व राजेन्द्र यादव
-सैनी कोतवाली के माढ़ों गांव निवासी जबरनाथ हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार
फोटो- 08
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सैनी कोतवाली क्षेत्र में 27 साल पहले सगे भाइयों की हत्या का बदला लेने के लिए मृतक के बेटे रोहित ने जबरनाथ साहू की हत्या की थी। जिस वक्त रोहित के पिता का मर्डर हुआ तब उसकी उम्र महज एक साल की थी। पड़ोसी ने 27 साल बाद उसके जख्मों को ताजा किया तो उसने उसी की मदद से जबरनाथ को मार डाला। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी रोहित व उसके साथी राजेंद्र को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है। पूछताछ में रोहित ने पुलिस को बताया कि अब जाकर सुकून मिला, चाहे अब उसे कोई भी सजा मिले... इसकी परवाह नहीं है।
सैनी कोतवाली के माढ़ो निवासी जबरनाथ साहू दूध का कारोबार करते थे। 12 जून को वह दूध बांटने जा रहे थे। अटसराय अंडरपास के बाद हमलावरों ने उन्हें बेरहमी से पीटा। सिर पर गहरा जख्म होेने के कारण इलाज के लिए ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई।
इस मामले में मृतक के भाई ने गांव के ही रोहित यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र चौरसिया ने फतेहपुर के जहानाबाद स्थित देसी शराब के ठेके के पास से रोहित व उसके साथी राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
रोहित ने बताया कि वर्ष 1996 में उसके पिता व चाचा की जबरनाथ आदि ने मिलकर हत्या कर दी थी। इस मामले में उसकी मां सुब्बी देवी की तहरीर जबरनाथ आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। जिस वक्त पिता की हत्या हुई तब उसकी उम्र एक साल की था। रोहित के मुताबिक वह ट्रक चलाता था।
पिछले दिनों जब वह गांव आया तो पड़ोसी राजेंद्र ने बताया कि गांव में मेला लगा था। इसी बीच जबरनाथ आदि ने उसके पिता व चाचा की हत्या कर दी थी। मामले में आरोपी हाईकोर्ट से जमानत पर छूटे हैं। तभी से उसने हत्या का प्लान बनाया था।