तहसील क्षेत्र के हर्रायपुर गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर पीली मिट्टी निकालने गईं चार महिलाएं टीला गिरने से मलबे में दब गईं। शोरगुल पर आसपास रहे लोगों ने तीन महिलाओं को तो बचा लिया, लेकिन सोना देवी (45) की मौके पर मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है।
कोखराज कोतवाली के हर्रायपुर गांव की सुरेखा देवी पत्नी रामचंद्र, सरोज देवी पत्नी रोशन लाल, हेमलता पत्नी हरिशंकर और सोना देवी पत्नी महादेव घर की पुताई के लिए पीली मिट्टी लेने गईं थीं। चारों महिलाएं दोपहर बाद करीब तीन बजे गांव के बाहर स्थित टीले पर पहुंचीं और मिट्टी निकालने लगीं। इस दौरान मिट्टी का एक टीला भरभरा कर महिलाओं पर गिर गया। इसमें चारों महिलाएं दब गईं।
चीखपुकार सुनकर आसपास मौजूद रहे लोगों ने तीन महिलाओं को सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन सोना देवी (45) पत्नी महादेव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे चायल एसडीएम राजेश कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में कोखराज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मलबे में दब कर घायल तीन अन्य महिलाओं को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि नियमानुसार सरकारी मदद दिलाई जाएगी।