कड़ा के इमाम अली चक स्थित एक दुकान में शॉटसर्किट से लगी आग से राख सामान। संवाद
सिराथू तहसील के चक इमाम अली गांव स्थित किराना की दुकान में शुक्रवार रात आग लग गई। आग से नकदी समेत करीब दो लाख सामान जलकर राख हो गया। आरोप है कि सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सका। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इमाम अली का चक मजरा अलीपुर जीता निवासी इंद्रपाल उर्फ कल्लू ने गांव में ही किराना की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार शाम भी वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। आधी रात उनकी दुकान में आग लग गई। आग की लपटें देख पड़ोसियों ने शोर मचाया तो ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। खबर मिलते ही इंद्रपाल भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
पीड़ित ने बताया कि आग से गल्ले में रखा 48 हजार नकद और करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आरोप है कि सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची। दुकानदार ने घटना की जानकारी स्थानीय चौकी पुलिस के साथ तहसील प्रशासन को दे दी है।