बुखार का कहर, डेंगू करीब 18 लाख की आबादी वाले डिप्टी सीएम के गृह जनपद कौशाम्बी में डेंगू की जांच के इंतजाम नहीं हैं। यहां सामान्य जांच पर ही प्लेटलेट्स के आधार पर मरीजों को डेंगू का उपचार दिया जा रहा है। गंभीर मरीजों की जांच के लिए नमूने एसआरएन अस्पताल प्रयागराज भेजे जा रहे हैं जिले में बुखार के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। दो मरीजों में डेंगू के लक्षण भी मिले हैं। इसके बावजूद जिले कि किसी भी अस्पताल में डेंगू जांच की व्यवस्था नहीं है। विशेषकर जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को भी बाहर से जांच करानी पड़ रही है। डेंगू जांच की व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्ड से जांच पर नहीं है विभाग को भरोसा
चिंता की बात तो यह है कि स्वास्थ्य विभाग कार्ड से डेंगू की जांच पर भरोसा नहीं कर रहा है। जबकि सरकारी और निजी अस्पतालों में कार्ड उपलब्ध हैं। सवाल यह है कि यदि विभाग कार्ड की जांच को नहीं मानता है तो फिर कार्ड पर रोक क्यों नहीं लगाई जाती है?
जिले में डेंगू जांच की व्यवस्था नहीं है। शासन को सूचना दी गई है। उम्मीद है कि जनपद में शीघ्र ही जांच की व्यवस्था उपलब्ध होगी। फिलहाल कार्ड के जरिए जांच में मिलने वाले संदिग्ध मरीजों का सैंपल लेकर प्रयागराज स्थित लैब को भेजा जा रहा है। लोग भयभीत न हों बुखार आने पर तुरंत उपचार लें।- डॉ. केसी राय, सीएमओ