टेंवा। नगर कोतवाली के उमरा गांव में खेत की रखवाली कर रहे किसान की बुधवार रात सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह पिपरमेंट के खेत में खून से लथपथ उसका शव बरामद हुआ। उसके सिर पर चोट के निशान थे। किसान की हत्या क्यों और किसने की? फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। किसान की हत्या से इलाके में सनसनी है।
मंझनपुर कोतवाली के भरसवां गांव का मजरा उमरा निवासी कुल्ली उर्फ बैजाथ लोधी (50) किसानी कर परिवार का गुजारा करता था। सालों से वह फसल की रखवाली के लिए खेत के समीप स्थित बाग में रात गुजारा करता था। रोजाना की तरह बुधवार की रात भी वह घर से खाना खाकर फसल की रखवाली करने खेत गया था। बृहस्पतिवार की सुबह देर रात तक घर नहीं आने पर परिजन खोजते हुए खेत की तरफ पहुंचे। कुछ दूरी पर पिपरमेंट के खेत में खून से लथपथ उसका शव पड़ा मिला। खबर फैलते ही पत्नी तुलसी देवी समेत अन्य ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुल्ली के सिर पर चोट के गहरे निशान थे। माना जा रहा है कि उसकी हत्या सिर कूचकर की गई थी।
सूचना के बाद सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, कोतवाल मंझनपुर विनोद सिंह, चौकी प्रभारी टेवां मौक पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। किसान की हत्या क्यों और किसने की? फिलहाल साफ नहीं हो सका है। परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। मृतक की पत्नी तुलसी देवी का कहना है कि ऐसी किसी से कोई रंजिश नही थी जो हत्या कर सके। मौका मुआयना के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कुल्ली के एक बेटी व पांच बेटे हैं। इनमें से एक-एक लड़की-लड़के की शादी हो चुकी है। घर के मुखिया की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घरवालों ने फिलहाल किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की छानबीन की जा रही है। पीएम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।
योगेंद्र कृष्ण नारायण-सीओ सिटी
----------------