नाला पर अतिक्रमण की शिकायत करने आए व्यापारी
विकास खंड नेवादा के ग्राम सभा पेरई तिल्हापुर मोड़ चौराहे पर स्थित सरकारी नाले पर अतिक्रमण से मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसकी वजह से क्षेत्रीय लोगों को परेशानी होती है। नेवादा राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के सदस्यों ने बुधवार को एसडीएम से शिकायत कर अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के नगर अध्यक्ष सुधीर केशरवानी के मुताबिक ग्राम सभा पेरई में चौराहे के पास मुख्य नाला है। नाले से गांव समेत तिल्हापुर मोड़ बाजार का बरसात का पानी निकलता है। आरोप है कि कई लोगों ने नाले के ऊपर अतिक्रमण कर मकान बना लिया है। सफाई न होने के कारण पानी सड़क से बह कर घरों में भर जाता है। यहां तक कि श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी से होकर मंदिर आना-जाना पड़ता है।
जलभराव से लोगों का जीना दूभर हो गया है। व्यापारियों ने बुधवार को तहसील प्रशासन से नाले से अवैध अतिक्रमण हटवाने के साथ ही यहां सुलभ शौचालय का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि बाजार में शौचालय न होने के कारण महिलाओं को काफी परेशानी होती है। व्यापार संगठन ने एसडीएम से मामले की जांच करा कर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर धर्मेंद्र कुमार केसरवानी, अजय द्विवेदी, अजित केशरवानी, श्याम बाबू, गणेश पाल आदि मौजूद रहे।