बृहस्पतिवार की रात तेज हवा के साथ हुई बारिश ने बिजली के खंभों पर जमकर कहर बरपाया। पोल टूटने से मंझनपुर, सरायअकिल समेत कई गांवों की आपूर्ति बाधित रही। जिम्मेदारों ने कुछ स्थानों के पोल गाड़कर आपूर्ति बहाल कर दिया तो कुछ जगहों पर ध्वस्त लाइन को देखने तक कोई नहीं पहुंचा।
सप्ताह भर से लगातार हो रही बारिश के चलते भूमि गीली हो चुकी है। ऐसे में बृहस्पतिवार की रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते कई जगहों पर विद्युत लाइन के पोल उखड़ गए। कुछ जगहों पर विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने से पोल और तार टूट गए। मुख्यालय मंझनपुर पर नजर डालें तो एसपी आफिस को गई लाइन पर पेड़ गिरने से पोल टूट गया। मामला पुलिस विभाग के हाकिम का होने की वजह से जेई चंद्रशेखर आजाद ने खड़े होकर पोल गड़वाया।
जेई की मुस्तैदी के चलते शाम पांच बजे किसी तरह मुख्यालय की आपूर्ति बहाल हो सकी। जबकि सराय अकिल पावर हाउस के पास टूटकर गिरे पोल को ठीक करने के लिए शाम तक जिम्मेदार नहीं पहुंच सके। इसके चलते इलाके की बिजली व्यवस्था दिनभर बाधित रही। यही हाल जिले के सिराथू, अजुहा, भरवारी, मनौरी आदि उपकेंद्रों से जुड़ी लाइनों का रहा। मामले में महकमे के जिम्मेदार का कहना है कि जहां पर तार टूटा था उसे तत्काल ठीक कराया गया। पोल के चलते खराब हुई लाइनों को ठीक करने में एक-दो दिन का समय लगेगा। बहरहाल बृहस्पतिवार की रात कई जगहों पर ध्वस्त हुई विद्युत लाइन के चलते आपूर्ति व्यवस्था शुक्रवार को पूरी तरह से चरमराई नजर आई।