कोतवाली के बसुहार मजरा बैरागीपुर में बृहस्पतिवार सुबह शौच के लिए खेतों की ओर जा रही वृद्ध महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले गए वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बैरागीपुर गांव निवासी पुरई मजदूर है। उसके मुताबिक बृहस्पतिवार भोर उसकी मां कुसुम देवी (70) खेतों की ओर शौच क्रिया के लिए जा रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से वह घायल हो गई। खेत की तरफ गए ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन महिला को अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पति के तेरहवीं के दिन उठी पत्नी की अर्थी
मृतका कुसुम देवी के पति राम जियावन की 13 दिन पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को उसकी तेरहवीं थी। पति की तेरहवीं के दिन ही सड़क हादसे में मौत हो गई। ऐसे में परिवार समेत पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।