चरवा कोतवाली के सिरियावां गांव के समीप शुक्रवार शाम एक किसान ससुर खदेरी नदी में डूब गया। किसान के साथ रहे व्यक्ति ने गांव पहुंचकर शोर मचाया तो लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदी में जाल डलवाकर किसान की खोजबीन कराई, लेकिन शनिवार शाम तक सफलता नहीं मिली। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है।
कोखराज कोतवाली के आलमचंद्र गांव निवासी ज्ञानबाबू यादव किसानी करता है। ज्ञानबाबू ने घोड़ी पाल रखी है। शुक्रवार को अपने मजदूर छेद्दू के साथ घोड़ी से करारी कोतवाली के सनई गांव गया था। शाम को दोनों घोड़ी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। छेद्दू के मुताबिक दोनों ने शराब पी थी।
ज्यादा नशा होने के कारण वह लोग कई बार रास्ते में घोड़ी से गिरे भी थे। सिरियावां के पास जैसे ही वह लोग पहुंचे अचानक घोड़ी बिदक गई और भागने लगी। इस पर दोनों नदी में गिर गए। छेद्दू के अनुसार घोड़ी को पकड़ने के लिए वह उसके पीछे दौड़ा, जबकि ज्ञानबाबू मौके पर ही पड़ा रहा।
किसी तरह घोड़ी को काबू में करने के बाद वह वापस लौटा तो ज्ञानबाबू नदी के किनारे नहीं मिला। इस पर उसे ज्ञानबाबू के नदी में डूबने की आशंका हुई। गांव सिरियावां गांव पहुंच कर उसने लोगों को घटना की जानकारी दी। ज्ञानबाबू के घरवालों को भी फोन करके मामले की सूचना दी गई।
कुछ ही देर में परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों की सूचना पर चरवा कोतवाली पुलिस ने रात को नदी में ज्ञानबाबू की खोजबीन कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार को सारा दिन गोताखोर से नदी में जाल डलवाकर ज्ञानबाबू की खोजबीन कराई गई। देर शाम तक ज्ञानबाबू नहीं मिल सका था। सीओ चायल श्यामकांत का कहना है कि स्थानीय मल्लाहों व गोताखोरों से तलाश कराई जा रही है। फिलहाल सफलता नहीं मिली है।
दोस्तों के साथ नहा रहा किशोर नदी में डूबा, मौत
पिपरी कोतवाली के काठगांव स्थित ससुर खदेरी नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया एक किशोर गहरे पानी मे डूब गया। मौजूद रहे लोगों ने डूब रहे किशोर को आननफानन बाहर निकाल कर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान किशोर की मौत हो गई।
कोखराज कोतवाली के हर्रायपुर निवासी रूपचन्द्र का बेटा राजकुमार (16) इन दिनों अपने ननिहाल पिपरी थाना क्षेत्र के काठगांव आया हुआ था। परिजनों के अनुसार शनिवार दोपहर वह ननिहाल के कुछ दोस्तों के साथ मवेशियों को लेकर गांव के बाहर ससुर खदेरी नदी के पास पहुंच गया।
यहां पर नदी में पानी अधिक होने के कारण वह दोस्तों के साथ स्नान करने लगा।नहाते समय वह गहरे और पानी के तेज बहाव में जाने के कारण वह नदी में डूब गया । राजकुमार को डूबता देख आसपास रहे लोग उसे बचाने के लिए पानी में कूद गए और करीब घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजकुमार को नदी के पानी से बाहर निकाला गया।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से राजकुमार को गंभीर अवस्था मे तिल्हापुरमोड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज के निजी अस्पताल के लिए रेफर किया। जहां देर शाम किशोर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।