विधान सभा चुनाव के दौरान निष्पक्ष मतदान कराने के लिए मतदान वाले दिन जिले के लोग ड्रोन कैमरे की नजर में होंगे। इसके सहारे निर्वाचन आयोग एक-एक गतिविधि पर नजर रखेगा। इसके अलावा प्रत्येक पांच मिनट में बूथों पर क्यूआरटी पहुंचेगी। दूसरी ओर अफवाहों पर नजर रखने के लिए इलेक्शन एक्शन ग्रुप की पैनी नजर होगी।
विधान सभा चुनाव में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कमर कस ली है। सोमवार को पुलिस लाइन में सेक्टर, जोनल व पुलिस अफसरों को तैयारियों की जानकारी देते हुए जरूरी निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए। तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, नौ जोनल मजिस्ट्रेट व 86 मॉडल बूथ बनाए गए हैं। इनके अलावा चुनाव पर नजर रखने के लिए पहली बार ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया जाएगा जो एक-एक बूथ पर नजर रखेंगे।
डीईओ ने बताया कि बूथों पर प्रत्येक पांच मिनट के अंतर में क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) पहुंचेगी। इसके अलावा इलेक्शन एक्शन ग्रुप बनाया गया है जिसके सदस्य इलेक्ट्रानिक माध्यम से बूथों की पल-पल की सच्चाई से अवगत कराते रहेंगे। इसके अलावा माइक्रोवेब कास्टिंग का इंतजाम भी बूथों पर किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि क्यूआरटी का नंबर न हो तो गड़बड़ी की शिकायत सौ नंबर पर भी की जा सकती है। इस मौके पर चायल प्रेक्षक स्वरूप कुमार पाउल, मंझनपुर प्रेक्षक एनएल पुजारा, सिराथू प्रेक्षक डॉ. शकील पी अहमद, पुलिस प्रेक्षक कम्बम कैनन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्र ने किया।