सिराथू। नगर पंचायत में पेयजल समस्या से निजात दिलाने के लिए 1.66 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कस्बे में एक ट्यूवबेल, चार वार्डों में पाइपलाइन विस्तार के साथ ही प्रमुख स्थानों में वाटर एटीएम लगाने की योजना है। नगर प्रशासन ने जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के जरिए शासन को डीपीआर भेजा है। स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्तावित पेयजल परियोजना का काम शुरू हो जाएगा।
नगर पंचायत सिराथू में बीस हजार की आबादी में पेयजल के लिए परसीपुर, धाता रोड, आंबेडकर नगर व रामलाल का पूरा में बड़ी टंकी का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा वार्ड पांच, सात, आठ, नौ, दस और 11 में गहरी बोरिंग के नलकूप स्थापित किए गए हैं। 11 वार्डों में 30 मिनी नलकूप के साथ सौ से अधिक हैंडपंप लगाए गए हैं।
इनमें से आधा दर्जन से अधिक मिनी नलकूप और 35 हैंडपंप कई वर्षाें से खराब हैं। इस कारण लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर प्रशासन ने कस्बे में एक नलकूप व वार्ड नंबर तीन, छह, सात व आठ में पाइपलाइन का विस्तार करने के साथ ही चार वार्डों में वाटर एटीएम लगाने के लिए 1,66 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
20 हजार की आबादी दो साल से है परेशान
सिराथू कस्बे की 20 हजार आबादी के लिए चार नलकूप के साथ ही 30 मिनी नलकूप व सौ से अधिक हैंडपंप लगाए गए हैं। तकरीबन दो साल से आधा दर्जन मिनी नलकूप और हैंडपंप खराब होने से पेयजल की समस्या हो रही है। गर्मी के दिनों में जलस्तर कम होने से परेशानी और बढ़ जाती है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर टंकी से सप्लाई नहीं हो पताी है।
कस्बे के रुद्रमणि त्रिपाठी, रवींद्र पांडेय, कालेश्वर प्रसाद और रामबाबू यादव आदि ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से पेयजल के लिए कराए जा रहे इंतजाम से गर्मी के दिनों में होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी। संवाद
गर्मी के दिनों में भूगर्भ जलस्तर गिरने पर वार्डों में लगे मिनी नलकूप फेल हो जाते हैं। इसकी वजह से पेयजल की समस्या होने लगती है। समस्या से निजात दिलाने के लिए वाटर एटीएम स्थापित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न वार्डों की नई बस्ती में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन का विस्तार कराया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार कर डीएम के जरिए शासन को भेज दिया गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद इन परियोजनाओं पर काम शुरू कराया जाएगा।राजेंद्र प्रसाद उर्फ भोला यादव, चेयरमैन