Devotees take a dip of faith in Ganga on Paush Purnima
- फोटो : KAUSHAMBI
पौष पूर्णिमा पर दोआबा के विभिन्न गंगा घाटों पर सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कंपकंपी छुड़ा देने वाली ठंड के बीच श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। आस्था के रंग में रंगे भक्तों ने अन्न, वस्त्र आदि का दान कर भजन, पूजन भी किया।
पंचांग के अनुसार हर माह पूर्णिमा तिथि आती है। पूर्णिमा तिथि के बाद नए माह की शुरुआत होती है। पूर्णिमा के दिन चंद्रमा के साथ-साथ विष्णुजी की पूजा की जाती है।
मान्यता है कि पूर्णिमा के दिन दान करने से व्यक्ति के पाप कटते हैं और अमोघ फल की प्राप्ति होती है। इसके बाद माघ का महीना शुरू हो जाता है। पूरे माघ महीना पवित्र नदियों में स्नान का संकल्प लेने वाले भक्त पौष पूर्णिमा से इसकी शुरुआत कर माघ पूर्णिमा को समापन करते हैं।
भीषण ठंड में ठिठुरते हुए सुबह से ही गंगा के पल्हना, संदीपन, कंकराबाद, कुबरी, बदनपुर आदि घाटों पर भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हर-हर गंगे के जयकारे के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। यह क्रम शाम तक चलता रहा। मंदिरो में भी पूजा पाठ कर पुण्य की कामना की गई।