कस्बे के नेता नगर मोहल्ले में डेंगू की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि पांच लोग बीमार हैं। सभी का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। आरोप है कि सूचना के बावजूद कस्बे में इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची।
नेतानगर मोहल्ला निवासी जुम्मद की बीवी गिल्ली बानो (55) हफ्ते भर से बीमार चल रही थी। परिजन मौसमी बुखार समझकर निजी क्लीनिक पर इलाज करा रहे थे। तबीयत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे प्रयागराज के निजी अस्पताल ले गए। परिजनों के मुताबिक जांच के बाद डॉक्टरों ने गिल्ली बानो को डेंगू पीड़ित बताया। अस्पताल में इलाज के दौरान ही बुधवार रात गिल्ली की मौत हो गई।
महिला की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मोहल्ले के वीरेंद्र चौरसिया (26), छाया (28), बुल्ला सरोज व संदीप कुमार भी हफ्ते भर से बुखार की जद में हैं। इन सभी का प्रयागराज के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं आई है।
आबादी के बीच तालाब में फैली गंदगी
कस्बे के नेतानगर मोहल्ले में तालाब है। इस तालाब में सैकड़ों घरों का गंदा पानी जा रहा है। इससे तालाब में गंदगी बजबजा रही है। गंदगी की वजह से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे तरह-तरह की बीमारियां फैल रही हैं।