संदीपनघाट कोतवाली के बदनपुर घाट में रविवार सुबह गंगा नदी में डूबे अजय का 23 घंटे बाद शव उतराता मिला। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। मौके पर युवक के परिजन रोने-बिलखने लगे।
चरवा कोतवाली के काजू गांव निवासी चौबेलाल ने बताया कि रविवार को बेटा अजय कुमार (20) दोस्तों के साथ गंगा स्नान के लिए बदनपुर घाट गया था। सुबह करीब 8.30 बजे वह नहाने के दौरान वह गहरे पानी में समा गया।
दोस्तों ने परिजनों व पुलिस को खबर दी। संदीपनघाट कोतवाली पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में जाल डलवाकर छानबीन कराई, लेकिन उसका पता नहीं चला। रात होने के कारण पुलिस व गोताखोर लौट गए। रात भर परिवार के लोग अजय के सकुशल मिलने की उम्मीद लेकर घाट पर ही बैठे रहे।
एक हजार रुपये देकर नाव बुक कर निगरानी की गई। सोमवार सुबह करीब 7.30 बजे अजय का शव जहानाबाद घाट के पास उतराता मिला। शव देख परिवार के लोग बिलख पड़े।