पूरामुफ्ती कोतवाली के अहमदपुर पावन गांव के युवक का शव प्रयागराज के एसआरएन स्थित मोर्चरी में लावारिस हालत में पड़ा मिला। युवक प्रयागराज के सिविल एयरपोर्ट में संविदा पर नौकरी करता था। तीन दिन पहले वह ननिहाल से ड्यूटी पर जाने की बाद कहकर निकला था। खोजबीन में लगे मृतक के भाई ने पोस्टमार्टम हाउस जाकर शव की पहचान की। परिवार के लोग हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। पुलिस ने सड़क दुर्घटना मानकर शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
अहमदपुर पावन गांव निवासी रामानंद पाल के चार बेटों में सबसे बड़ा राजू पाल उर्फ छत्रधारी (25) रहीमाबाद के सिविल एयरपोर्ट में संविदा पर नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक 29 जनवरी को राजू एयरपोर्ट कोतवाली के इंगुआ उर्फ काठगांव निवासी अपने बहनोई राजेंद्र पाल के घर गया था। 30 जनवरी की शाम करीब सात बजे वह काठगांव से ननिहाल कादिलपुर निवासी पूर्व प्रधान रामरूप पाल के घर गया।
31 जनवरी की रात वह ड्यूटी करने एयरपोर्ट के लिए निकला था। इस बीच वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया। खोजबीन में लगे राजू के पिता रामानंद पाल ने सल्लाहपुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की तहरीर दी। इस दौरान राजूपाल का छोटा भाई शिवकरण पाल शुक्रवार को भाई की खोजबीन करने प्रयागराज स्थित एसआरएन के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा, जहां उसे राजू पाल का शव मिला।