हाइवे पर केशवापुर गांव के समीप मंगलवार रात तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रात युवक धन्नी गांव से दावत से घर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
सैनी कोतवाली के सादीपुर (दारानगर) गांव निवासी अमर सिंह (35) पुत्र सूरजदीन मंगलवार शाम कोखराज के बड़ी धन्नी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह केशवापुर गांव के समीप पहुंचा इलाहाबाद की ओर से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मारते हुए युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा देख राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद परिजनों को जानकारी दी। युवक के मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।