मंझनपुर। बहन के घर आई चरवा क्षेत्र की एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने आबरू से खिलवाड़ किया। महीने भर पहले जब युवती ने उस पर निकाह करने का दबाव बनाया तो वह मुकर गया। दोनों परिवारों के बीच पंचायत में भी युवक शादी के लिए राजी नहीं हुआ। सोमवार को पीड़िता ने इसकी शिकायत अपर पुलिस अधीक्षक से की। एएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
चरवा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने बताया कि तीन महीने पहले वह मंझनुपर इलाके में ब्याही गई अपनी बहन के घर आई थी। एक ही घर में रहने के कारण बहन के जेठ ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर वह दो महीने तक उसकी आबरू से खेलता रहा। इतना ही नहीं जब वह अपने घर चली गई तो भी वह बहाने से आकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। बार-बार उसके घर आने से घरवालों को दोनों के संबंधों की भनक लग गई।
इस पर उसने युवक पर शादी के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि निकाह से वह साफ मुकर गया। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई। मगर बात नहीं बनी। सोमवार को मां के साथ मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने युवक की करतूत अपर पुलिस अधीक्षक से बताई। एएसपी ने पीड़िता को जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।