नगर कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर गांव के समीप गुरुवार रात बेकाबू डीसीएम ने बाइक सवार मामा-भांजी को रौंद दिया। प्रयागराज के निजी अस्पताल में शुक्रवार शाम दोनों की मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
सिराथू कस्बा निवासी जाहिद (40) एलआईसी एजेंट था। गुरुवार रात वह मंझनपुर में रहने वाली अपनी बहन रेशमा के घर आया था। यहां से भांजी रुख्सार (17) को साथ लेकर किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने प्रयागराज जा रहा था। कादीपुर गांव के समीप पीछे से आई डीसीएम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार मामा-भांजी गिरकर लहूलुहान हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां शुक्रवार शाम दोनों की सांसें थम गईं। पुलिस ने पंचनामा करके मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामले में नगर कोतवाल राकेश चौरसिया का कहना है कि पीड़ित परिवारों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।