सरायअकिल (ब्यूरो)। सड़क पार करते समय ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से चिरारी गांव के पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। बच्चे की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के चिरारी गांव निवासी राजेश कुमार दिवाकर का बेटा राज (5) बुधवार की शाम करीब छह बजे घर के सामने ही खेल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान वह सड़क पार करने लगा, तभी वहां से निकली ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गया। ट्राली की चपेट में आने से राज की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर खून से लथपथ बच्चे की लाश देखकर घर-परिवार में कोहराम मच गया। चीख-पुकार पर गांववाले भी जमा हो गए। ग्रामीणों को आता देख ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर चालक भाग निकला।
उधर, हादसे की खबर लगते ही मौके पर सरायअकिल कोतवाली पुलिस भी पहुंची। एसओ ने परिजनों के साथ ही गांववालों को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही पीड़ित पिता की ओर से तहरीर लेकर ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि ट्रैक्टर चालक चिरारी गांव का ही रहने वाला है। उधर, मासूम बेटे की अचानक हुई मौत से मां-बाप समेत परिवार वालों की रो-रोकर हालत खराब है। परिजनों को ढांढस बंधाने वाले भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे।