नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी से शनिवार शाम पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। चीखने-चिल्लाने पर युवक उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। रविवार को पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नगर कोतवाली मंझनपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक किशोरी ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे वह खेत से घर लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उसे धरदबोचा। खेत में खींचकर युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवक का दुस्साहस देख किशोरी ने बचाव के लिए शोर मचा दिया। इस पर गांववाले मौके पर पहुंचे।इससे पहले ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला।
किशोरी रोते हुए घर पहुंची और घरवालों को आपबीती सुनाई। पीड़ित परिवार का कहना है कि इससे पहले भी युवक कई बार किशोरी को परेशान कर चुका है। रविवार सुबह किशोरी को लेकर मंझनपुर कोतवाली आए पीड़िता के पिता ने नामजद तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। घटना को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी बनी हुई है।